श्री अमरवाणी के मुक्ताकण

श्री अमरवाणी के मुक्ताकण 

 

      

जनवरी 2025

            (महापुरुषों के अवतरण का उद्देश्य)
 
· संसार की भलाई के लिए, कल्याण के लिए  हमेशा ही नित्य अवतार और निमित्त अवतार प्रकट होते हैं। निमित्त अवतार किसी विशेष उद्देश्य को पूरा करने के लिए होते हैं और जीवों के हित के लिए नित्य अवतार के रूप में महापुरुषों का संसार में आना होता है।
· गुरुमुखो ! महापुरुष तो यही चाहते हैं कि जिज्ञासुओं को सुख, शान्ति और आनन्द मिले। जो सज्जन उनकी शरण में आ जाते हैं, उनके कल्याण के लिए वे ऐसा रास्ता बताते हैं, जिस पर चलकर वे रूहानी फ़ैज़ उठा सकें, अपनी मंज़िल पर आसानी से पहुँच सकें।
· महापुरुषों की मौज होती है कि परमात्मा से मिलने के जिस विशेष लक्ष्य को लेकर ये जीव इस दुनिया में आए हैं, जिन्हें यह मानुष-शरीर मिला है, इसको पाकर वे इससे वह कार्य करें, जिससे उन्हें इस लोक में भी सुख, शान्ति, खुशी और आनन्द मिले और आगे पहुँचकर, मालिक से मिलकर वे हमेशा-हमेशा के लिए सुख-स्वरूप बन जाएँ।
· गुरुमुखो ! दुनिया में रहना है, दुनिया के कार्य भी करने हैं, उसके लिए महापुरुष मना नहीं करते। दुनिया के कार्य करो, लेकिन जीव के कल्याण के लिए  महापुरुषों की यह मुबारक मौज होती है कि जो जीव मानुष-तन को धारण कर इस संसार में आए हैं, उन्हें दो कार्य करने हैं; पहला है—अपने मालिक की याद और दूसरा है—अपने लक्ष्य की प्राप्ति।
· इसलिए महापुरुषों से यह विचार प्राप्त करके सभी को यह सोचना चाहिए कि दुनिया में ख़ाली दुनिया के कार्य करने के लिए हम नहीं आए हैं, दुनिया के सामानों को इकट्ठा करने के लिए, ऐशो-आरामों के लिए नहीं आए हैं, बल्कि संसार में आने का हमारा उद्देश्य कुछ और ही है और वह है—मालिक से मिलना और उनकी याद को अपने दिल में बसाना।
· महापुरुषों द्वारा दिखाए गए रास्ते पर चलने से ही जिज्ञासुजन अपनी मंज़िल को प्राप्त कर सकते हैं।  आप सब तो गुरुमुख हैं, हमारे श्री परमहंस दयाल जी महाराज के अनुयायी हैं। आप सबको वक़्त के महापुरुषों की चरण-शरण मिली है। महापुरुषों ने आपको कल्याण का रास्ता भी बता दिया है। गुरुमुखों को अपने लक्ष्य की प्राप्ति हो, इसीलिए महापुरुषों ने श्री आनन्दपुर दरबार की रचना की है कि जो भी जिज्ञासुजन, जो भी गुरुमुख-सेवक भगवान् की प्राप्ति करना चाहते हैं, वे महापुरुषों द्वारा बनाए हुए साधनों को अपनाएँ। गुरुमुखों की सुविधा के लिए ही महापुरुष जगह-जगह पर ऐसे केन्द्र खोल देते हैं, जहाँ पहुँचकर गुरुमुखजन रूहानी फ़ैज़ उठा सकते हैं और अपने लक्ष्य की प्राप्ति कर सकते हैं।
· तो आप सब गुरुमुखों पर हमारे श्री परमहंस दयाल जी महाराज की और अभी तक हमारे जितने भी महापुरुष हुए हैं, उनकी कितनी कृपा है ! उनकी यही मुबारक मौज है कि श्री आनन्दपुर दरबार के जो गुरुमुखजन हैं, सेवक हैं, वे सेवा और नाम-भक्ति की कमाई करें।
सेवा करत होइ निहकामी
तिस कउ होत परापति सुआमी
· महापुरुषों के वचनों के अनुसार जो गुरुमुखजन नाम की कमाई करते हैं, उनकी आज्ञा में चलते हैं, उन्हीं को मालिक की प्राप्ति होती है। मालिक और मालिक का नाम ही सच है, उनका भजन करना ही सच की कमाई करना है।
· तो आप गुरुमुखजन महापुरुषों की आज्ञा के अनुसार इसी कार्य में संलग्न हैं। वक़्त के महापुरुषों की कृपा से श्री आनन्दपुर दरबार के जो नियम बने हुए हैं कि रोज़ाना श्री आरती-पूजा करना, सत्संग, सेवा करना, दर्शन-ध्यान, भजन-अभ्यास करना, तो इन नियमों की पालना करके, अपना जन्म सफल करें और महापुरुषों की प्रसन्नता हासिल करें।

 


दिसम्बर 2025

 

सन्तों के वचन हैं

साध संग में चाँदना, सकल अंधेरा और ।

सहजो दुर्लभ पाइये, सतसंगत में ठौर

गुरुमुखो ! सन्त-महापुरुषों की संगत में रोशनी है। बाकी सब जगह अंधकार ही अंधकार है।

सन्त-महापुरुष ही जीव को सच्चा रास्ता, रौशनी वाला रास्ता बताते हैं। आम इंसान सोचता यही है कि मैं रौशनी वाले सही रास्ते पर जाऊँ। लेकिन उसको सही रास्ता नहीं मिलता और इसलिए वह अंधकार वाले रास्ते पर चला जाता है।

रौशनी वाला रास्ता कौन-सा है ? वक्त के महापुरुष जिस रास्ते पर जीवों को चलाते हैं, वही रौशनी वाला रास्ता होता है। इस रास्ते पर इंसान खुद नहीं चल पाता।

इसलिए गुरुमुखो ! जब तक जीव को सन्त-महापुरुषों की संगत नहीं मिलती, रौशनी वाला रास्ता नहीं मिलता, जब तक उसे यह विवेक नहीं होता कि यहाँ रौशनी है और वहाँ अंधकार है, जीव चाहते हुए भी सही रास्ते पर नहीं जा पाता। सन्त-महापुरुषों की शरण जब तक जीव को नहीं मिलती, तब तक उसे सही रास्ता नहीं मिल पाता, उसे खुशी नहीं मिलती और अज्ञानता वाले रास्ते पर जाकर वह दुःखी-परेशान होता रहता है।

वक्त के सन्त-सद्गुरु ही जीव को सच्चा रास्ता और सही रास्ता बता सकते हैं और कोई भी नहीं बता सकता। इसलिए हर गुरुमुख को चाहिए कि वह उस रास्ते पर चले जो सही, अच्छा और साफ-सुथरा है, जिस पर चलकर गुरुमुखों को शांति और सुख मिले। 

आप सब गुरुमुख हैं, वक्त के महापुरुषों की संगत आपको मिली हुई है, जिस रास्ते पर आप चल रहे हैं, वही सही है।

वक्त के महापुरुष ही जीव को सच्चा रास्ता, सच्ची चीज़ बता सकते हैं। दुनिया में कोई किसी को सही चीज़ नहीं बता सकता, जो चीज़ जिसके पास है ही नहीं, वह दूसरे को क्या बताएगा। वक्त के महापुरुष ही जीव को सच्ची चीज़, सही चीज़ बताते हैं और देते हैं।

महापुरुषों के वचन हैं 

नाम सत्त जग झूठ है, सुरत शब्द पहचान

महापुरुष तो हमेशा नाम वाला रास्ता ही बताते हैं, यही सही रास्ता है। दुनिया तो अन्धेरे की तरफ जा रही है, वक्त के महापुरुष ही सही रास्ता, रौशनी वाला रास्ता बताते हैं।

आप सभी गुरुमुख हैं, जिन्हें हमारे श्री श्री 108 श्री परमहंस दयाल जी महाराज की शरण मिली हुई है, उन्होंने यह जो नाम-भक्ति वाला रास्ता सबको बताया है, इसी पर चलना सभी गुरुमुखों का फ़र्ज़ है।

दो घंटे भजन जो श्री गुरु महाराज जी ने बताया है, सभी गुरुमुख दो घंटे भजन किया करें। आम इंसान नाम-भक्ति के बारे में नहीं सोचता, लेकिन वक्त के सन्त-सद्गुरु ही यह बता सकते हैं कि यह रास्ता सत्य है, इसलिए गुरुमुखो ! नाम, भक्ति और प्रेम का जो रास्ता वक्त के महापुरुष बताते हैं, उसी पर चलने से कल्याण होता है।

इसलिए सभी गुरुमुखों का यही फ़र्ज़ है कि वक्त के महापुरुषों ने जो रास्ता बताया है, इसी रास्ते पर चलें और महापुरुषों की प्रसन्नता हासिल करें। यही सही रास्ता है और इस रास्ते में ही सही चीज़ है, जो कोई भी सच्ची चीज़ को ढूंढता है, उसे मिल जाती है और कहीं कुछ नहीं है। अगर कोई इंसान इधर-उधर डोलता रहता है, तो उसे यह सच्ची चीज़ नहीं मिलती।

द्गुरु की रहनुमाई में, उनकी शरण में पहुँच कर ही जीव सही रास्ते को प्राप्त करता है और इस पर चल पाता है।

इसके विषय में सभी गुरुमुख ध्यान रखें कि हमारे श्री परमहंस दयाल जी महाराज ने जो रास्ता बताया है कि दो घंटे भजन करना, मालिक की याद को दिल में बसाना और मालिक की खुशी प्राप्त करना; जब तक जीव मालिक को याद नहीं करता, श्री आज्ञा में नहीं चलता, भजन-अभ्यास नहीं करता तो वह अपनी मंज़िल पर नहीं पहुँच सकता।

इसलिए सभी गुरुमुखों का फ़र्ज़ है कि दो घंटे भजन-अभ्यास करें और श्री गुरु महाराज जी की रहनुमाई में चलकर अपना जन्म सफल करें, जिससे उनकी प्रसन्नता हासिल हो।


नवम्बर 2025

(दुर्लभ सत्संगति)

 

· भाग्यशाली गुरुमुखो ! सन्तों के वचन हैं—

साध संग में चाँदना, सकल अंधेरा और ।

सहजो दुर्लभ पाइये, सतसंगत में ठौर

· कि सन्त महापुरुषों की संगति में ही रोशनी है;  बाकी संसार में अंधेरा ही अंधेरा है। कौन-सी रोशनी और कौन-सा अंधेरा ? नाम की, ज्ञान की, भक्ति की रोशनी सन्त-महापुरुषों की संगति में है और संसार में मोह-अज्ञान का अंधेरा छाया हुआ है। इसलिए महापुरुष फ़रमाते हैं कि सन्तों के ही संग में यानि जहाँ पर रोशनी है, इंसान को उसी में रहना चाहिए।

· हर इंसान यह सोचता है कि मैं रोशनी की तरफ जाऊँ, अंधेरे की तरफ क्यों जाऊँ ? लेकिन इसके बावजूद भी आम दुनिया का इंसान अंधेरे की तरफ जा रहा है, जबकि—‘सकल अंधेरा और’ सारे संसार में अंधेरा छाया हुआ है। जिसको सन्त महापुरुषों की संगति नहीं मिली, ऐसा इंसान अंधेरे में जा रहा है और उसी में भटक रहा है।

· हर इंसान घर-परिवार के, रिश्ते-नातों के, कार्य-व्यवहार के मोह में फँसकर दुखी तो हो रहा है, लेकिन उससे छूट भी नहीं पा रहा, बल्कि और ज़्यादा उलझ रहा है। इसी मोह-अज्ञान को ही महापुरुषों ने अंधेरा बताया है।

· आप ही बताओ कि क्या कोई चाहेगा कि वह अंधेरे में जाए ? चाहता तो कोई नहीं, लेकिन फिर भी जा रहा है। सौभाग्य से जिसे सन्त-महापुरुषों की संगति मिल जाए, उनकी चरण-शरण मिल जाए, तो कहते हैं—‘सहजो दुर्लभ पाइये’ वे भाग्यवान् गुरुमुख होते हैं, जिन्हें सन्त-महापुरुषों की संगति मिल जाती है और यह ज्ञान हो जाता है कि यहीं पर रोशनी है, हमें रोशनी में रहना है, अंधेरे की तरफ नहीं जाना।

· तो इसलिए आप जितने भी गुरुमुख यहाँ बैठे हैं या जहाँ-जहाँ भी रह रहे हैं, सब गुरुमुख भाग्यवान् हैं कि हम श्री श्री 108 श्री परमहंस दयाल जी महाराज की चरण-शरण में पहुँचे हैं।

· श्री परमहंस दयाल जी महाराज ने श्री आनन्दपुर दरबार की जो रचना की है, वह इसलिए की है, क्योंकि वे चाहते हैं कि हमारे सेवक नाम-भक्ति की रोशनी में रहें, ज्ञानवान् बनें; वे मोह-अज्ञान के अंधेरे में न जाएँ; क्योंकि अंधेरे में ठोकरें ही ठोंकरें हैं, परेशानी ही परेशानी है, दु:ख ही दु:ख है और रोशनी में सुख ही सुख है।

· आप ही विचार करो कि क्या कोई इंसान चाहता है कि उसे दु:ख मिले ? नहीं। दु:ख कोई नहीं चाहता; सभी सुख ही चाहते हैं। इसलिए आप सब गुरुमुखों को हमारे श्री परमहंस दयाल जी महाराज ने जो रास्ता बताया है, इस पर चलते रहें। आप श्री आनन्दपुर दरबार के सेवक हैं और इसी रोशनी वाले रास्ते पर सबको चलने की ज़रूरत है।

· गुरुमुखो ! जो सही रास्ते पर चलता है, उसे भटकने का डर नहीं रहता और जो अंधेरे में चलता है, उसको हर वक्त डर रहता है कि वह कहीं गिर न जाए, कुछ बुरा न हो जाए। जो रोशनी में चलता है, उसे भरोसा होता है कि वह अपनी मंज़िल पर भी पहुँच जाएगा। इसलिए जो गुरुमुख हैं, जो वक्त के महापुरुषों की शरण में पहुँच जाते हैं, वे रोशनी में चलते हैं, उन्हें यह ज्ञान हो जाता है कि यह रास्ता सही है।

· तो इसलिए आप जितने भी गुरुमुख हैं, श्री आनन्दपुर दरबार के सेवक हैं, श्री गुरु महाराज जी ने सबको सही और साफ़-सुथरे रास्ते पर लगाया है, तो सबका फ़र्ज़ हो जाता है कि इस रास्ते पर चलें, इसी पर रोशनी है।

· श्री आनन्दपुर दरबार के जो सेवक हैं, वे अन्दाज़ा लगाकर देखें कि वे कितने भाग्यशाली हैं कि श्री गुरु महाराज जी जो भी वचन फ़रमाते हैं और सत्संग में महात्माजन जो भी वर्णन करते हैं, उन वचन-उपदेशों से गुरुमुख-सेवकों को कितनी प्रेरणा मिलती है, ज्ञान मिलता है कि वाकई ये हमें सही रास्ते पर चला रहे हैं।

· तो साफ़-सुथरा रास्ता महापुरुष ही बताते हैं, दुनिया में कोई भी ऐसा नहीं है, जो सही रास्ता दिखाए और सही रास्ता वही है, जिस पर चलकर जीव मालिक की तरफ जाए, मालिक के चरणों में पहुँचे।

· इसलिए सब गुरुमुखों का फ़र्ज़ है कि श्री परमहंस दयाल जी महाराज ने जो रास्ता बताया है, उसी रास्ते पर चलते हुए अपना जन्म सफल करें और महापुरुषों की प्रसन्नता हासिल करें।



अक्टूबर 2025

(नाम की सम्भाल)

· महापुरुषों के वचन हैं—

कबीर आधी साखि यह, कोटि-ग्रंथ करि जान ।

नाम सत्त जग झूठ है, सुरत शबद पहचान

गुरुमुखो ! परमसन्त श्री कबीर साहिब जी फ़रमाते हैं कि ‘कबीर आधी साखि यह’ थोड़े ही शब्दों में इस बात को समझो कि ‘कोटि ग्रंथ करि जान’ करोड़ों ग्रन्थों का जो सार है यानी करोड़ों ग्रन्थों में कही गई बात को थोड़े ही शब्दों में इस तरह समझो कि—

नाम सत्त जग झूठ है, सुरत शबद पहचान

· कि सिर् मालिक का नाम ही सत्य है, बाक़ी दुनिया की जितनी भी चीज़ें हैं, वे सब असत्य हैं, झूठ हैं। गुरुमुखो ! इन्सान ऐसा समझ बैठा है कि मैं जो इस दुनिया में आया हूँ, इस दुनिया की सब चीज़ें सच हैं। लेकिन महापुरुष फ़रमाते हैं कि वह सब असत्य हैं; दुनिया और दुनिया की कोई भी चीज़ सत्य नहीं है; सिर्फ मालिक का नाम ही सत्य है। इसलिए गुरुमुखो ! मालिक के नाम को समझो, इसकी सम्भाल करो और इसकी कमाई करो।

· हमारे श्री परमहंस दयाल जी महाराज ने जो सच्चा नाम दिया है, यही सत्य है और इसकी कमाई करना ही असली कमाई है; बाकी सब चीज़ें झूठी हैं। कोई भी इन्सान यह न समझे कि दुनिया की जितनी रचना है, वह सत्य है; नहीं, नहीं। वह सब असत्य है, एक न एक दिन वह छूट जाएगी। मालिक का जो नाम है, महापुरुषों ने गुरुमुखों को जो शब्द बख़्शा है, यही सत्य है।

· आप सब गुरुमुख सच्ची चीज़ को लेना चाहते हो ?—श्री गुरु महाराज जी ने पूछा।  (गुरुमुखों ने विनती की—जी, स्वामी जी।) आप सब गुरुमुख विचारवान् हैं, सच्ची चीज़ को लेने के लिए ही श्री आनन्दपुर दरबार में आए हैं, तो गुरुमुखो ! आप सच्ची चीज़ को ही लेना। क्योंकि आपकी माँग सच्ची है, सच्ची चीज़ को लेना चाहते हैं आप, तो हमारे श्री परमहंस महापुरुषों ने कृपा करके आपको जो नाम दिया है, इसको आप सबने ग्रहण किया है, सब गुरुमुख इस सच्चे नाम की कमाई करें, इसी से ही सब का बेड़ा पार हो सकता है। महापुरुषों ने फ़रमाया है—

नाम सत्त जग झूठ है, सुरत शबद पहचान

· एक नाम ही सत्य है, दुनिया की बाकी सब चीज़ें असत्य हैं। आम दुनिया इस बात को नहीं समझती। हर इन्सान दुनिया और दुनिया की चीज़ों को सच समझ बैठा है कि दुनिया ही सच्ची है, उसकी हर चीज़ भी सच्ची है, लेकिन सन्त-महापुरुष फ़रमाते हैं कि सच तो सिर्फ़ मालिक का नाम है। दुनिया में रहो, कार्य-व्यवहार भी करो; कार्य-व्यवहार के लिए महापुरुष मना नहीं करते, उन्हें बहुत प्रेम से करो, लेकिन यह समझ लो कि नाम के सिवा सब कुछ असत्य है और दुनिया की सब चीज़ें दुनिया में ही रह जाने वाली हैं; सत्य तो मालिक का नाम है और साथ जाने वाली चीज़ इसी नाम की कमाई है।

· गुरुमुखो ! मालिक का नाम ही इन्सान का सच्चा साथी है, जो लोक-परलोक में उसके साथ रहता है।

गुर का सबदु रखवारे ।

चउकी चउगिरद हमारे

· सद् गुरु का शब्द हर समय गुरुमुख की रक्षा करता है, सब जगह हमेशा उसके साथ रहता है, लोक में भी और परलोक में भी। इसलिए गुरुमुखो ! सच की सम्भाल करनी है, असत्य चीज़ों के पीछे नहीं पड़ना। महापुरुषों ने सब गुरुमुखों को सच्चा नाम दिया है, इसकी कमाई करो और महापुरुषों की आज्ञा में चलते हुए अपना जन्म सफल करो।

अग्या सम न सुसाहिब सेवा ।

सो प्रसादु जन पावै देवा

· सेवक के लिए अपने इष्टदेव की आज्ञा के समान और कोई चीज़ नहीं है। जो सेवक-गुरुमुख उनकी आज्ञा मानता है, वह निश्चय ही उनकी कृपा को, ऐसा समझो कि अपने इष्टदेव को ही पा लेता है। इसलिए आप गुरुमुखों का फ़र्ज़ है कि जब आपको वक़्त के महापुरुषों की शरण मिली है और आप सब गुरुमुख उनकी आज्ञा में चल रहे हैं, तो इसी तरह उनकी आज्ञा में चलते हुए सब गुरुमुख सच्चे नाम की कमाई करें, अपना जन्म सफल करें और महापुरुषों की प्रसन्नता हासिल करें।

सितम्बर 2025

·   महापुरुषों के वचन हैं—

गुरुमुख गुरु चितवत रहै, जैसे मनी भुवंग ।
एक पलक बिसरै नहीं, यह गुरुमुख को अंग

गुरुमुख का ध्यान हमेशा अपने इष्टदेव की तरफ़ होता है। वह देखता रहता है, ख़ुद को जाँचता रहता है कि महापुरुषों की कृपा मुझ पर हो रही है या नहीं हो रही। हर वक़्त उसकी यही इच्छा होती है कि महापुरुषों की कृपा मुझ पर बनी रहे।

महापुरुष भी देखते हैं कि जिन गुरुमुखों का ध्यान अपने इष्टदेव सद् गुरु की तरफ़ है , वे किस तरह अपनी गुरुमुखता को जतलाते हैं। इसके लिए  ज़रूरी है कि गुरुमुखजन अपना फ़र्ज़ अदा करें। तो गुरुमुखों का फ़र्ज़ क्या है ? यही है कि वे सद् गुरु की आज्ञा में चलें। महापुरुषों ने यह केवल उदाहरण दिया है कि जैसे मणि वाले सर्प का ध्यान हमेशा मणि की सम्भाल में ही लगा होता है कि मणि कहीं उससे अलग न हो जाए, खो न जाए; वह उसकी सम्भाल करना भूलता नहीं, तो इसी उदाहरण को समझते हुए गुरुमुखजन सद् गुरु की आज्ञा को कभी नहीं भूलते, हमेशा उनका यही ख़्याल होता है कि सद्गुरु की आज्ञा से बाहर हम कोई कार्य न करें, हमेशा आज्ञा में ही रहें।

·    आप सब तो गुरुमुख हैं, आपको भी हर वक़्त यही ख़्याल होता है कि हम श्री गुरु महाराज जी के सेवक हैं, तो सद् गुरु की आज्ञा के अनुसार सेवा करें; उसी में सेवकों का कल्याण है। सेवा की लगन ही है, जो सेवक को उसके लक्ष्य तक पहुँचाती है। जिस सेवक को सेवा की, सद् गुरु के प्यार को पाने की, उनकी कृपा को पाने की लगन लगी रहती है, वह हमेशा आज्ञा में चलता है और तभी वह सच्चे मायने में गुरुमुख कहलाता है। लेकिन अगर वह आज्ञा को भूलता है, तो—

जो कोई गुरु की अज्ञा भूलै ।

फिर फिर कष्ट गर्भ में झूलै

सन्त सहजोबाई जी ऐसा कहती हैं कि सद् गुरु की आज्ञा को जो कोई भूलता है, वह बार-बार जन्म लेकर अनेकों कष्ट उठाता है, दुखी व परेशान रहता है। महापुरुष हमेशा यही समझाते हैं कि आप गुरुमुख हैं, आपको श्री गुरु महाराज जी की शरण मिली है और सभी गुरुमुखों का फ़र्ज़ ही यही है कि सब गुरुमुखजन उनके वचनों की पालना करें, उनकी आज्ञा में चलें। सेवकों का धर्म ही यही है कि वे महापुरुषों की आज्ञा में चलकर अपना जन्म सफल करें और उनकी प्रसन्नता हासिल करें।

·    गुरुमुखो ! महापुरुषों की प्रसन्नता ऐसे ही हासिल नहीं हो जाती, जब तक इन्सान अपना मन सद् गुरु के हवाले नहीं कर देता, तब तक उसको ख़ुशी नहीं मिलती, आनन्द नहीं मिलता। ख़ुशी और आनन्द तभी मिलता है, जब वह अपना सर्वस्व अपने इष्टदेव के चरणों में समर्पित कर दे, भेंट कर दे और विनती करे कि मैं आपका ही हूँ, आपका सेवक हूँ, आपका दास हूँ। जब तक वह अपने-आपको महापुरुषों के चरणों में भेंट नहीं कर देता, उनके आगे दिल से शीश नहीं झुका देता, तब तक कारज पूरा नहीं होता।

·    आप सब तो गुरुमुख हैं, महापुरुषों की आज्ञा में चल रहे हैं, सेवा-भक्ति की कमाई कर रहे हैं, आप सब गुरुमुखों पर महापुरुषों की बहुत प्रसन्नता है, बहुत कृपा है, जो आपको उनकी सेवा करने का अवसर मिला हुआ है। इसलिए सब गुरुमुख निष्काम-भाव से सेवा करते रहें, जिससे—

सेवा करत होइ निहकामी
तिस कउ होत परापति सुआमी

सद् गुरु की आज्ञा से सेवा करने पर,  निष्का-भाव से सेवा करने पर सेवकों को अपने इष्टदेव की प्रसन्नता प्राप्त होती है।

·    गुरुमुखो ! आप श्री प्रयागधाम में हों या श्री आनन्दपुर धाम में हों, जहाँ भी जिसकी जो सेवा लगी हुई है, सबका यही फ़र्ज़ है कि सब सज्जन आज्ञा में चलें। पहले भी कहा है कि—

जो कोई गुरु की अज्ञा भूलै ।
फिर फिर कष्ट गर्भ में झूलै

यानी जब इन्सान आज्ञा को भूल जाता है, तो वह चौरासी लाख योनियों के चक्कर में पड़ जाता है, अनेकों दु:ख भोगता है। आप सब गुरुमुख वही कार्य करें, जिसमें सुख हो, ख़ुशी हो, आनन्द हो। इसलि ज़रूरी है कि आप सब गुरुमुख सद् गुरु की आज्ञा को न भूलें, महापुरुषों के वचन हमेशा याद रखें, सेवा करें, भक्ति की कमाई करें। इसी में सुख है, ख़ुशी है, आनन्द है, इसी कार्य को करते हुए अपना जन्म सफल करना है और महापुरुषों की प्रसन्नता हासिल करनी है।

s

 

अगस्त 2025

· महापुरुषों के वचन हैं—

गुरुमुख गुरु चित्त वत रहै, जैसे मणि भुवंग ।

एक पलक बिसरै नहीं, यह गुरुमुख को अंग

गुरुमुख का ध्यान हमेशा अपने इष्टदेव की तरफ़ होता है। वह देखता रहता है, ख़ुद को जाँचता रहता है कि महापुरुषों की कृपा मुझ पर हो रही है या नहीं हो रही। हर वक़्त उसकी यही इच्छा होती है कि महापुरुषों की कृपा मुझ पर बनी रहे। महापुरुष भी देखते हैं कि जिन गुरुमुखों का ध्यान अपने इष्टदेव सद् गुरु की तरफ़ है, वे किस तरह अपनी गुरुमुखता को जतलाते हैं। इसके लिए  ज़रूरी है कि गुरुमुखजन अपना फ़र्ज़ अदा करें। तो गुरुमुखों का फ़र्ज़ क्या है ? यही है कि वे सद् गुरु की आज्ञा में चलें। महापुरुषों ने यह केवल उदाहरण दिया है कि जैसे मणि वाले सर्प का ध्यान हमेशा मणि की सम्भाल में ही लगा होता है कि मणि कहीं उससे अलग न हो जाए, खो न जाए; वह उसकी सम्भाल करना भूलता नहीं, तो इसी उदाहरण को समझते हुए गुरुमुखजन सद् गुरु  की आज्ञा को कभी नहीं भूलते, हमेशा उनका यही ख़्याल होता है कि सद् गुरु की आज्ञा से बाहर हम कोई कार्य न करें, हमेशा आज्ञा में ही रहें।

· आप सब तो गुरुमुख हैं, आपको भी हर वक़्त यही ख़्याल होता है कि हम श्री गुरु महाराज जी के सेवक हैं, तो सद् गुरु की आज्ञा के अनुसार सेवा करें; उसी में सेवकों का कल्याण है। सेवा की लगन ही है, जो सेवक को उसके लक्ष्य तक पहुँचाती है। जिस सेवक को सेवा की, सद् गुरु के प्यार को पाने की, उनकी कृपा को पाने की लगन लगी रहती है, वह हमेशा आज्ञा में चलता है और तभी वह सच्चे मायने में गुरुमुख कहलाता है। लेकिन अगर वह आज्ञा को भूलता है, तो—

जो कोई गुरु की अज्ञा भूलै ।

फिर फिर कष्ट गर्भ में झूलै

सन्त सहजोबाई जी का कथन है कि सद् गुरु की आज्ञा को जो कोई भूलता है, वह बार-बार जन्म लेकर अनेकों कष्ट उठाता है, दुखी-परेशान रहता है। महापुरुष हमेशा यही समझाते हैं कि आप गुरुमुख हैं, आपको श्री गुरु महाराज जी की शरण मिली है और सभी गुरुमुखों का फ़र्ज़ ही यही है कि सब गुरुमुखजन उनके वचनों की पालना करें, उनकी आज्ञा में चलें। सेवकों का धर्म ही यही है कि वे महापुरुषों की आज्ञा में चलकर अपना जन्म सफल करें और उनकी प्रसन्नता हासिल करें।

· गुरुमुखो ! महापुरुषों की प्रसन्नता ऐसे ही हासिल नहीं हो जाती, जब तक इन्सान अपना मन सद् गुरु  के हवाले नहीं कर देता, तब तक उसको ख़ुशी नहीं मिलती, आनन्द नहीं मिलता। ख़ुशी और आनन्द तभी मिलता है, जब वह अपना सर्वस्व अपने इष्टदेव के चरणों में समर्पित कर दे, भेंट कर दे और विनती करे कि मैं आपका ही हूँ, आपका सेवक हूँ, आपका दास हूँ। जब तक वह अपने-आपको महापुरुषों के चरणों में भेंट नहीं कर देता, उनके आगे दिल से शीश नहीं झुका देता, तब तक कारज पूरा नहीं होता।

· आप सब तो गुरुमुख हैं, महापुरुषों की आज्ञा में चल रहे हैं, सेवा-भक्ति की कमाई कर रहे हैं, आप सब गुरुमुखों पर महापुरुषों की बहुत प्रसन्नता है, बहुत कृपा है, जो आपको उनकी सेवा करने का अवसर मिला हुआ है। इसलिए सब गुरुमुख निष्काम-भाव से सेवा करते रहें, जिससे—

सेवा करत होइ निहकामी ।

तिस कउ होत परापति सुआमी

सद्गुरु की आज्ञा से सेवा करने पर, निष्काम-भाव से सेवा करने पर सेवकों को अपने इष्टदेव की प्रसन्नता प्राप्त होती है।

· गुरुमुखो ! आप श्री प्रयागधाम में हों या श्री आनन्दपुर धाम में हों, जहाँ भी जिसकी जो सेवा लगी हुई है, सबका यही फ़र्ज़ है कि सब सज्जन आज्ञा में चलें। पहले भी कहा है कि—

जो कोई गुरु की अज्ञा भूलै ।

फिर फिर कष्ट गर्भ में झूलै

यानी जब इन्सान आज्ञा को भूल जाता है, तो वह चौरासी लाख योनियों के चक्कर में पड़ जाता है, अनेकों दु:ख भोगता है। आप सब गुरुमुख वही कार्य करें, जिसमें सुख हो, ख़ुशी हो, आनन्द हो। इसलिए ज़रूरी है कि आप सब गुरुमुख सद् गुरु की आज्ञा को न भूलें, महापुरुषों के वचन हमेशा याद रखें, सेवा करें, भक्ति की कमाई करें। इसी में सुख है, ख़ुशी है, आनन्द है। इसी कार्य को करते हुए अपना जन्म सफल करना है और महापुरुषों की प्रसन्नता हासिल करनी है।



 जुलाई 2025


· जो भाग्यशाली जीव महापुरुषों की चरण-शरण में पहुँच जाते हैं और महापुरुषों के मुखारविन्द से जो वचन निकलते हैं, उनको मानते हैं, उनकी पालना करते हैं, वे जीव गुरुमुख कहलाते हैं।

· भाग्यशाली गुरुमुखो ! महापुरुष हमेशा सत्य उपदेश देते हैं, सही रास्ता दिखाते हैं, असलियत की पहचान कराते हैं।

· महापुरुष कथन करते हैं—

नानक कचड़िआ सिउ तोड़ि ढूढि सजण संत पकिआ

ओइ जीवंदे विछुड़हि ओइ मुइआ न जाही छोड़ि

कि गुरुमुखो ! जो कच्ची चीज़ें हैं, झूठी चीज़ें हैं, उनका त्याग करो और जो हमेशा साथ निभाने वाली है, स्थायी है, उसकी खोज करो। स्थायी चीज़ कौन-सी है ? मालिक का नाम है, अपने इष्टदेव का शब्द है और यह कहाँ से मिलता है ? सन्त-महापुरुषों से। इसलिए सन्त-महापुरुषों की चरण-शरण ग्रहण करो। वे ही गुरुमुख को सच्ची चीज़, मालिक का नाम देते हैं। संसार की सब चीज़ें इसी संसार में उससे बिछुड़ जाती हैं, कभी न कभी तो साथ छोड़ ही देती हैं, लेकिन मालिक का नाम इस लोक में भी उसका साथ निभाता है और परलोक में भी सहाई होता है।

· गुरुमुखों को रूहानी फ़ैज़ मिलता रहे, वे ऐसी कमाई करें, जो सच्ची हो, स्थाई हो; इसीलिए हमारे श्री परमहंस दयाल जी महाराज ने श्री आनन्दपुर दरबार की रचना रचाई है, जिसमें आकर गुरुमुख जन रूहानी फ़ैज़ उठा रहे हैं। श्री आनन्दपुर, श्री प्रयागधाम, जगह-जगह और भी स्थान बने हैं; ये किसलिए हैं ? ये सब गुरुमुखों के लिए हैं, जहाँ पहुँचकर गुरुमुखजन महापुरुषों के दर्शन कर रहे हैं, भक्ति की कमाई के लिए उनके बनाए हुए साधनों को अपना रहे हैं, उनकी आज्ञा में चल रहे हैं और महापुरुषों से रूहानी फ़ैज़ उठा रहे हैं।

· महापुरुष हमेशा यही चाहते हैं कि गुरुमुखजन ऐसी चीज़ को ग्रहण करें, जो हमेशा साथ निभाने वाली हो, परलोक में साथ जाने वाली हो, जो दायमी हो। वह क्या है ? वह है—वक़्त के महापुरुषों का नाम, उसकी कमाई। नाम की कमाई ही साथ निभाती है, उसके साथ परलोक में जाती है। इसीलिए महापुरुष गुरुमुखों को बार-बार फ़रमाते हैं कि नाम की कमाई करो। आप गुरुमुखों ने नाम लिया हुआ है, गुरुमुखजन हमेशा नाम की कमाई करें। गुरुमुख जब नाम की कमाई करते हैं, तो महापुरुषों को ख़ुशी होती है कि गुरुमुखजन महापुरुषों की चरण-शरण में पहुँचकर नाम की कमाई कर रहे हैं। इसी नाम की कमाई करने से ही सब कुछ मिलता है, इसी में सब सुख समाए हुए हैं और इसकी कमाई ही जीव के साथ जाती है।

· दुनिया में और कोई ऐसी चीज़ नहीं है, जो उसे सुख दे, हमेशा उसका साथ निभाए और परलोक में भी साथ जाए। यही नाम की कमाई ही साथ जाने वाली चीज़ है, इसकी कमाई करो, इस को अपने हृदय में दृढ़ करो। बाक़ी सब चीज़ें जो हैं, वे यहीं रह जाती हैं; बस, महापुरुषों के दिए हुए नाम की कमाई ही साथ जाती है।

 साथि न चालै बिनु भजन बिखिआ सगली छारु  

 हरि हरि नामु कमावना नानक इहु धनु सारु

· गुरुमुखो ! नाम की कमाई जो है, इसके बग़ैर और कुछ भी जीव के साथ नहीं जा सकता। संसार की कोई भी चीज़ जीव के साथ नहीं जाती। नाम की कमाई ही सार धन है, साथ जाने वाला धन है, इसी को इकट्ठा करना है। इसीलिए नाम की कमाई करने के लिए गुरुमुखों को महापुरुष हमेशा हिदायत करते हैं कि भजन किया करो, श्री आरती-पूजा किया करो, सत्संग, दर्शन, सेवा किया करो; यही वे कर्म हैं, जो जीव को बन्धन से छुड़ाने वाले हैं। यही असली कमाई है, इसी को याद रखना है और महापुरुषों के वचनों के अनुसार यही असली कमाई करनी है।

· यहाँ जितने गुरुमुखजन बैठे हैं और भी संसार में जहाँ कहीं भी गुरुमुख रहते हैं, वे इसीलिए  गुरुमुख हैं कि वे सद् गुरु की आज्ञा में चलते हैं।  महापुरुषों के यही वचन हैं कि श्री आज्ञा की पालना करो और जो श्री गुरु-दरबार के नियम बने हुए हैं, उनकी पालना करो और महापुरुषों की प्रसन्नता हासिल करो।


जून 2025

(सेवक का फ़र्ज) 


महापुरुष सेवकों का कल्याण चाहते हैं और सेवक के लिए अपने इष्टदेव की आज्ञा ही सर्वोपरि है, अपने इष्टदेव की आज्ञा ही सब कुछ है। गुरुमुखो ! सेवा में सेवक का जो पार्ट है, सेवक-धर्म है, वह है—अपने इष्टदेव की आज्ञा को मानना। कहा भी है—
अग्या सम न सुसाहिब सेवा ।
सो प्रसादु जन पावै देवा
इष्टदेव की आज्ञा को मानने के समान कोई और सेवा नहीं है। जिस सेवा को करने का हुक्म हो, जब सेवक उसी सेवा को करता है, तो उसे महापुरुषों की प्रसन्नता प्राप्त होती है और वही सेवक के लिए  सुखदायी भी होती है। महापुरुष ही जानते हैं कि सेवक का कल्याण कैसे हो सकता है। इसलिए सच्चे सेवक भी यही चाहते हैं कि महापुरुषों के मार्गदर्शन में चलें और जो आज्ञा हो, उसी के अनुसार सेवा करें, जिससे उनकी प्रसन्नता भी मिले।
· महापुरुष यही समझाते हैं कि—
   सेवा करत होइ निहकामी
   तिस कउ होत परापति सुआमी
गुरुमुखो ! सेवा तो करनी है, यह भी ख़्याल रहे कि सेवा को निष्काम-भाव से करना है। ऐसे ऊँचे विचार जब गुरुमुखों को मिलते हैं और गुरुमुखजन महापुरुषों की आज्ञा के अनुसार निष्काम-भाव से सेवा करते हैं, तो वे अपने इष्टदेव को पा लेते हैं, उनकी प्रसन्नता के पात्र बन जाते हैं; ऐसे गुरुमुख ही श्रेष्ठ होते हैं। इसलिए महापुरुष गुरुमुखों को यह हिदायत देते हैं कि अपना सेवक-धर्म निभाओ, आज्ञा में रहो, इसी में आत्मा का कल्याण है।
· गुरुमुखो ! हमारे श्री पंचम पादशाही जी महाराज की तरफ़ से सब गुरुमुखों के लिए यह आज्ञा है कि आत्म-कल्याण के लिए जो पाँच नियम—श्री आरती-पूजा, सेवा, सत्संग, सुमिरण और ध्यान बने हुए हैं, इन नियमों की पालना रोज़ करें। वैसे तो गुरुमुखजन आत्म-कल्याण के कार्य में संलग्न हैं, फिर भी अपने मन में इस बात को पक्का कर लें कि हमने अपने इष्टदेव की आज्ञा को मानना है।
· जिस सेवक की जो सेवा लगी हुई है, उसे आज्ञा के अनुसार श्रद्धा से कर रहे हैं, आगे भी बहुत ही  हित-चित्त से सेवा करनी है। वही सेवक अपने इष्टदेव को पा सकते हैं, उनकी प्रसन्नता के अधिकारी बन सकते हैं, जो उनकी आज्ञा में रहकर सेवा करते हैं।
· इसलिए गुरुमुखों का फ़र्ज़ है कि महापुरुषों ने गुरुमुखों के कल्याण के लिए जो पाँच नियम बनाए हैं, सब गुरुमुख रोज़ इन पाँच नियमों की पालना करें तथा दो घण्टे भजन-अभ्यास अवश्य करें, इनको कभी भूलें नहीं; सभी सेवकों का यही परम धर्म है।
· इस बात को समझना है कि अपने इष्टदेव की आज्ञा में चलने में ही सबका भला होता है, कल्याण होता है। इसलिए गुरुमुखजन आज्ञा में चल करके अपना जन्म सफल करें, महापुरुषों की प्रसन्नता हासिल करें।
 
 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें